VARANASI NEWS: रविवार को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. उपेंद्र नभ त्रिपाठी ने हरिश्चंद्र पी.जी. कॉलेज के बावन बीघा परिसर में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इग्नू के माध्यम से छात्र-छात्राएं नियमित शिक्षा के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी अपनी योग्यता बढ़ा सकते हैं और विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि इग्नू की दूरस्थ शिक्षा पद्धति के माध्यम से विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई करते हुए उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। वाराणसी स्थित हरिश्चंद्र पी.जी. कॉलेज के इग्नू अध्ययन केंद्र–48048 में प्रमाणपत्र, डिप्लोमा, बी.ए., बी.कॉम. तथा एम.एससी. (रसायन विज्ञान) सहित एम.ए. (राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास एवं समाजशास्त्र) जैसे विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त साइबर कानून, उपभोक्ता संरक्षण, पेटेंट प्रैक्टिस तथा आपराधिक न्याय जैसे व्यावसायिक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश लिया जा सकता है। इग्नू के पाठ्यक्रमों के बारे में डॉ. पाठक ने परिचय कराया। कार्यक्रम के अंत में हरिश्चंद्र पी.जी. कॉलेज के इग्नू स्टडी सेंटर 48048 के समन्वयक प्रो. ओम शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।







