JHANSI NEWS: रोटरी क्लब ऑफ झांसी एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को ग्रामीण क्षेत्र बिजौली स्थित पुलिस चौकी के सामने एक मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता रोटरी क्लब ऑफ झांसी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ फिजिशियन रोटे डॉ. सतीश अग्रवाल ने की। शिविर में आईएमए अध्यक्ष एवं बाल रोग विशेषज्ञ रोटे डॉ. प्रमोद गुप्ता, मूत्र एवं गुर्दा रोग विशेषज्ञ रोटे डॉ. ए.के. सांवल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग बड़ेरिया, फिजिशियन डॉ. अन्नू निगम, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. रोबिन श्रीवास्तव तथा फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अवधेश सिंह ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने कुल 195 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से विभिन्न रोगों के संबंध में परामर्श प्राप्त किया। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस पहल की सराहना की। शिविर संयोजक रोटे गोपाल गुप्ता, हर्ष गुप्ता, हार्दिक गुप्ता एवं उनके परिवार के सदस्यों ने सभी अतिथियों और चिकित्सकों का स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन पर रोटरी क्लब के सचिव रोटे डॉ. प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने आईएमए के सभी चिकित्सकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रोटरी क्लब भविष्य में भी जनहित में ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित करता रहेगा। इस अवसर पर रोटे सी.बी. राय ‘तरुण’, अशोक अग्रवाल (पीएनबी), के.बी. गुप्ता, विजय कुमार खरे, रामदयाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनका आयोजन को सफल बनाने में सराहनीय योगदान रहा।







