Home उत्तर प्रदेश गैस संकट को लेकर विपक्ष का हमला, राहुल यादव बबीना ने कहा–...

गैस संकट को लेकर विपक्ष का हमला, राहुल यादव बबीना ने कहा– हर वर्ग परेशान

गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी पर सरकार को घेरा
JHANSI NEWS: जनपद में गैस सिलेंडरों की बढ़ती किल्लत और कालाबाजारी के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता  राहुल यादव बबीना ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में किसान, व्यापारी और आम जनता सहित हर वर्ग अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। राहुल यादव ने कहा कि पिछले कुछ समय से घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सिलेंडर समय से नहीं मिल पा रहे हैं और कालाबाजारी की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग और सरकार इस समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों पर पर्याप्त निगरानी न होने के कारण उपभोक्ताओं को मजबूरी में अधिक कीमत देकर सिलेंडर खरीदने पड़ रहे हैं। आम लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे घरेलू व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।
राहुल यादव ने कहा कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता भी प्रभावित हो रही है। इससे किसान, मजदूर, व्यापारी और मध्यम वर्ग सभी परेशान हैं। सरकार जनता को राहत देने के बजाय केवल घोषणाएं और दावे करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही गैस सिलेंडरों की किल्लत और कालाबाजारी पर रोक नहीं लगाई गई तो विपक्ष इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में जनता सरकार को उसके कामकाज का जवाब जरूर देगी। राहुल यादव ने यह भी कहा कि विपक्ष में होने के बावजूद वे आम जनमानस की समस्याओं को उठाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और आगे भी जनता के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ते रहेंगे