Home उत्तर प्रदेश मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्तः मंडलायुक्त

मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्तः मंडलायुक्त

मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र भदोही एवं औराई से संबंधित फार्म-7 की कार्रवाई की समीक्षा की
BHADOHI NEWS: मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत विंध्याचल मंडलायुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर राजेश प्रकाश तथा डीएम शैलेश कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र भदोही एवं औराई से संबंधित फार्म-7 की कार्रवाई की गहन समीक्षा की। इस दौरान प्राप्त फार्मों की जांच के साथ-साथ उनके स्थलीय परीक्षण की भी समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित बीएलओ, सुपरवाइजर और ईआरओ भी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से बिना पर्याप्त जांच के नहीं काटा जाना चाहिए। मतदाताओं से प्राप्त होने वाले सभी फार्मों की गंभीरता से जांच की जाए तथा नाम अपमार्जन की कार्रवाई से पहले संबंधित स्थल का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। साथ ही कम से कम दो गवाहों के बयान लेने के बाद ही नाम हटाने की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि किसी पात्र मतदाता के अधिकारों का हनन न हो। उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देशित किया कि वे स्वयं क्षेत्र में जाकर फार्मों का परीक्षण कराएं और प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निर्धारित समय के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें। मतदाता सूची का शुद्ध एवं पारदर्शी होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है, इसलिए इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एसडीएम औराई श्याममणि त्रिपाठी, एसडीएम भदोही अरुण गिरि, सहायक निर्वाचन अधिकारी संजय श्रीवास्तव सहित बीएलओ, सुपरवाइजर और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।