केशव प्रसाद मिश्र राजकीय महिला महाविद्यालय औराई में राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर का चतुर्थ दिवस पर चला साफ-सफाई अभियान
BHADOHI NEWS: केशव प्रसाद मिश्र राजकीय महिला महाविद्यालय औराई में राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर का चतुर्थ दिवस कार्यक्रम अधिकारी डॉ.योगेंद्र लाल वर्मा व डॉ.श्वेता त्रिपाठी के निर्देशन में प्रार्थना सभा एवं सामान्य व्यायाम के साथ प्राथमिक विद्यालय हमीदपट्टी में सम्पन्न हुई। तत्पश्चात शिविरार्थी छात्राओं ने ग्राम पंचायत सचिवालय, उक्त विद्यालय में दो कक्षीय भवन तथा बरम बाबा स्थल के संपूर्ण परिसर की साफ-सफाई की एवं झाड़ू लगाया। इसके बाद प्रातःकालीन नाश्ता करने के पश्चात शारीरिक फिटनेस विषय पर तहसील होते हुए हमीदपट्टी ग्राम सभा में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें छात्राओं ने “योग अपनाओ, स्वस्थ जीवन पाओ”, “खेलो-कूदो, स्वस्थ रहो”, “करो योग, रहो निरोग”, “योग की शक्ति, रोगों से मुक्ति” तथा “स्वस्थ मन, सुखी जीवन” जैसे नारे लगाते हुए ग्रामीणों को स्वस्थ रहने तथा अपने घर एवं परिवार के सदस्यों को योग एवं व्यायाम अपनाने के लिए प्रेरित किया।इस शिविर के द्वितीय सत्र में “शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली” विषय पर आयोजित बौद्धिक सत्र के मुख्य वक्ता महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ.जय कुमार ने छात्राओं को बताया कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ जीवन की नींव है और नियमित व्यायाम,संतुलित आहार तथा सकारात्मक सोच से व्यक्ति अपने जीवन को बेहतर बना सकता है। आज के समय में अधिकतर लोग शारीरिक गतिविधियों से दूर होते जा रहे हैं, जिससे मोटापा, तनाव और कई अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने छात्राओं को प्रतिदिन योग,व्यायाम और खेलकूद को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की प्रेरणा दी। अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ.प्रभात कुमार पांडेय ने महिलाओं के स्वरोजगार के अवसर विषय पर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि महिलाएं लघु एवं कुटीर उद्योगों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं तथा अचार, पापड़, मुरब्बा आदि बनाकर स्वरोजगार अपना सकती हैं। इस मौके पर महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक सहित काफी संख्या में स्वयंसेवी छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ.योगेंद्र लाल वर्मा ने किया। अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ.श्वेता त्रिपाठी ने सभी के प्रति आभार जताया।







