घरेलू गैस, पेट्रोल व डीजल आपूर्ति व्यवस्था का आकस्मिक निरीक्षण
KUSHINAGAR NEWS: जनपदवासियों को घरेलू गैस, पेट्रोल एवं डीजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर द्वारा पुलिस अधीक्षक के साथ पडरौना स्थित गैस एजेंसी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गैस सिलेण्डरों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया। साथ ही मौके पर उपस्थित जनसामान्य की समस्याओं को भी सुना गया।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, जनपद में घरेलू गैस, पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा प्रशासन द्वारा इनकी निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करायी जा रही है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर आमजन प्रशासन द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम में फोन कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस दौरान वितरकों एवं एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे पूर्ण ईमानदारी, पारदर्शिता एवं निर्धारित नियमों के अनुसार गैस सिलेण्डर तथा पेट्रोलियम पदार्थों का वितरण सुनिश्चित करें तथा उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि कहीं भी कालाबाजारी, ओवररेटिंग या उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार की घटना संज्ञान में आती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जनसामान्य से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकतानुसार ही पेट्रोलियम पदार्थों की खरीद करें।







