अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम को लेकर आल इण्डिया रूरल बार एसोसिएसन ने किया जोरदार प्रदर्शन
LUCKNOW NEWS : अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम विधेयक को संसद में पारित कराए जाने की मुहिम शनिवार को भी राजधानी में तेवर में दिखी। आल इण्डिया रूरल बार एसोसिएसन के बैनरतले अधिवक्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल एवं राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार तिवारी के नेतृत्व में गोमती नगर स्थित हाईकोर्ट परिसर के बाहरी छोर पर जमकर नारेबाजी भी की। यहां अधिवक्ताओं की सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने कहा कि संसद में बार बार मांग के बावजूद सरकार अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम विधेयक को पारित नही करा रही है। उन्होेने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि विधेयक पारित नही कराया गया तो वकील लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत सत्ता परिवर्तन के लिए लखनऊ से दिल्ली तक संघर्ष को देशव्यापी बनाएंगे। राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार तिवारी ने कहा कि बजट सत्र के भीतर यह विधेयक नही लाया गया तो संसद का घेराव भी वकीलों के द्वारा तय है। उन्होने कहा कि केंद्र व राज्य की सरकार अधिवक्ताओं को वोट बैंक से इतर मानने की भूल कर रही है। सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता गिरीश मिश्र व संयोजन लखनऊ मण्डल अध्यक्ष आनन्द त्रिपाठी तथा संचालन अधिवक्ता शैलेन्द्र तिवारी ने किया। आमसभा को वरिष्ठ अधिवक्ता बृजेश श्रीवास्तव, विजय पाल, विपिन शुक्ल, अबरार अहमद, हरिश्चंद्र पाण्डेय ने भी संबोधित करते हुए मांग के समर्थन में आंदोलन को जारी रखने का ऐलान किया। एसोसिएसन के जिला इकाई अध्यक्ष जितेन्द्र तिवारी ने सुरक्षा अधिनियम के मसौदे से साथियों को अवगत कराया। इस मौके पर कौशलेंद्र वर्मा, आयुष त्रिपाठी, सत्यम त्रिपाठी, हरेकृष्ण तिवारी, टीपी त्रिपाठी, डीपी सिंह, अशोक दीक्षित, टीके बोस, शैलेन्द्र शुक्ला, दिलीप दुबे आदि अधिवक्ता मौजूद रहे। यह जानकारी एसोसिएसन के जिला इकाई अध्यक्ष दीपेन्द्र तिवारी द्वारा जारी विज्ञप्ति में दी गयी है।







