Home उत्तर प्रदेश वर्दी का घमंड टूटा: रिश्वत मांगने वाले दरोगा पर मुकदमा दर्ज

वर्दी का घमंड टूटा: रिश्वत मांगने वाले दरोगा पर मुकदमा दर्ज

नकद लाओ, चार्जशीट लगवा दो… ऑडियो वायरल होते ही दरोगा पर मुकदमा”

कप्तान की सख़्ती से महकमे मे मचा हड़कंप

KUSHINAGAR NEWS: कानून का डंडा जब निष्पक्ष और ईमानदार हाथों में होता है तो वर्दी का रुतबा भी किसी को बचा नहीं पाता। कुशीनगर में यह नजारा उस समय देखने को मिला जब जिले के पुलिस कप्तान केशव कुमार ने चार्जशीट दाखिल करने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले दरोगा आलोक कुमार सिंह के खिलाफ उसी थाने में मुकदमा दर्ज कराकर यह साबित कर दिया कि अगर अधिकारी ईमानदार हो तो वर्दी की आड़ में भ्रष्टाचार करने वालों की जगह सीधे कानून के कठघरे में होती है।
वायरल ऑडियो ने खोल दी रिश्वत की परत
मामला तरया सुजान थाने से जुड़ा है, जहां तैनात रहे दरोगा आलोक कुमार सिंह पर आरोप है कि उन्होंने मारपीट के एक मुकदमे में आरोपी पक्ष को फायदा पहुंचाने के लिए पैसों की मांग की। भगवानपुर निवासी दीपक गिरी ने सोमवार को दरोगा के साथ हुई बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
ऑडियो में दरोगा कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं कि “कुछ नगद लेकर आओ, फाइल में चार्जशीट लगाकर न्यायालय में दाखिल कर देंगे। जल्दी चार्जशीट लग जाएगी तो किसी को पता नहीं चलेगा।”
बातचीत के दौरान वह यह भी कहते हैं कि इसके लिए फाइल सीओ तमकुहीराज कार्यालय से मंगानी पड़ेगी और ज्यादा रुपये नहीं चाहिए, जो सुलह के लिए दे रहे थे वही दे देना। इतना ही नहीं, बातचीत में पीड़ित पक्ष के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग भी सुनाई दे रहा है।
कप्तान की सख्ती, पहले निलंबन फिर मुकदमा
ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर दरोगा को तत्काल निलंबित कर दिया गया।
इसके बाद जब विस्तृत जांच में भी आरोप सही पाए गए तो मंगलवार को संबंधित थाने में दरोगा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
महकमे में हड़कंप, जिले में  संदेश
दरोगा आलोक कुमार सिंह पर उसी थाने मे मुकदमा दर्ज किए जाने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आम तौर पर ऐसे मामलों में विभागीय कार्रवाई तक ही सीमित रहने वाली प्रक्रिया यहां सीधे कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गई, जिससे यह मामला पूरे जिले में न सिर्फ चर्चा का विषय बन गया है बल्कि यह संदेश भी है कि पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के राज मे पुलिस वालो की मनमानी नही चलेगी।

जनता के बीच बढ़ा भरोसा
पुलिस अधीक्षक की इस सख्त कार्रवाई को लोग प्रशासन की पारदर्शिता और ईमानदारी की मिसाल मान रहे हैं। आम लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई होती रही तो पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत होगा। लोगो का कहना है कि तेज-तर्रार एसपी केशव कुमार के कार्यकाल मे अब कानून का डंडा सिर्फ अपराधियों पर ही नहीं, बल्कि कानून की रक्षा करने वाले गलत करेगे तो वह भी बच नही पायेगे।