अधिकारियों ने दिलाई शपथ
FATEHPUR NEWS: राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के अंतर्गत बुधवार को “नो स्मोकिंग डे” के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इश्तियाक अहमद ने की। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “नो स्मोकिंग डे” की शुरुआत वर्ष 1984 में ब्रिटेन में की गई थी। इसका उद्देश्य लोगों को धूम्रपान के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और उन्हें धूम्रपान छोड़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि धूम्रपान और तंबाकू के सेवन से कैंसर, हृदय रोग तथा फेफड़ों से संबंधित गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। इसलिए लोगों को किसी भी रूप में तंबाकू या धूम्रपान का प्रयोग नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। उन्होंने कहा कि तंबाकू नियंत्रण के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने शपथ ली कि वे स्वयं तंबाकू या धूम्रपान का सेवन नहीं करेंगे और अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे, ताकि समाज को तंबाकू मुक्त बनाया जा सके। कार्यक्रम में डॉ. सुरेश कुमार (नोडल अधिकारी, जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ), महेंद्र सिंह लोधी (जिला अपर शोध अधिकारी), संदीप कुमार सिंह (जिला प्रशासनिक अधिकारी), पुनीत श्रीवास्तव (क्षेत्रीय समन्वयक, यूपीवीएचए लखनऊ), अमित मिश्रा (वरिष्ठ सहायक), वंदना शर्मा (कनिष्ठ सहायक) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







