SIDHARTHNAGAR NEWS: ढेबरुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बढ़नी-पचपेड़वा मार्ग स्थित आमन हॉस्पिटल के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पचपेड़वा की ओर से आ रही एक अनियंत्रित बाइक खड़े/गुजर रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रविवार रात लगभग 11:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों व स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी पहुंचाया गया। जहां तैनात डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बाइक चालक तुफैल अहमद (45 वर्ष), निवासी गैसड़ी, की मौत हो गई। वहीं दुर्घटना में घायल तीन अन्य युवकों—आकाश (35 वर्ष), गोलू (32 वर्ष) और विष्णु (32 वर्ष) (सभी निवासी: घरुआर, थाना ढेबरुआ) को आवश्यक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।







