LAKHIMPUR KHERI NEWS: ब्लॉक निघासन अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंगहा कला में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नौ दुर्गा शतचंडी महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आगाज गाजे-बाजे के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा से किया गया।महायज्ञ के शुभारंभ पर नैमिषारण्य से पधारे यज्ञाचार्य रामभजन जी ने पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ पूजन-अर्चन संपन्न कराया, जिसके बाद कलश यात्रा की शुरुआत हुई। इस यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और कन्याएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों पर झूमती नजर आईं। कलश यात्रा सिंगहा कला और सिंगहा खुर्द के मुख्य मार्गों से होते हुए जौरहा नदी (मोती पुर) पहुंची। वहां पवित्र नदी से जल भरकर श्रद्धालु पुनः यज्ञशाला पहुंचे, जहाँ कलशों को विधिपूर्वक स्थापित किया गया।इस धार्मिक अनुष्ठान के अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्याम मोहन दीक्षित, प्रधान पद उम्मीदवार वीरेंद्र निषाद, मुन्ना लाल शाह, बीडीसी सदस्य जंगूलाल यादव, खगेसुर वर्मा, झब्बूलाल तिवारी, कोटेदार रामखिलावन वर्मा, कमलेश वर्मा और पप्पू वर्मा सहित क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रही। पूरा क्षेत्र ‘जय माता दी’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।







