KUSHINAGAR NEWS: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज जिला पंचायत सभागार में माननीय मुख्यमंत्री जी तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव तथा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शिवकुमारी देवी द्वारा की गई।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर डॉ. वीणा (प्रोफेसर, बुद्ध पीजी कॉलेज), डॉ. मेनका (जिला कृषि अधिकारी), अरुण कुमार दुबे (जिला कार्यक्रम अधिकारी), पूर्व जिला प्रोबेशन अधिकारी डी.सी. त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों की महिला अधिकारियों एवं जनपद की उन सम्मानित महिलाओं की उपस्थिति रही, जो अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं कार्यक्रम का आयोजन स्वैच्छिक संगठन एक्शन एड, कुशीनगर के सहयोग से किया गया, जिसमें लगभग 350 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को शिक्षा प्राप्त कर आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं मुख्य अतिथि श्रीमती शिवकुमारी देवी ने महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के महत्व पर मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा दो मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त पुलिस, शिक्षा, राजस्व, महिला कल्याण तथा अन्य विभागों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कुल दो नियुक्ति पत्र एवं 30 प्रशंसा पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला प्रोबेशन अधिकारी डी.सी. त्रिपाठी द्वारा किया गया कार्यक्रम में एक्शन एड के सहयोगी रामवृक्ष गिरी, शबनम, जुलेखा तथा महिला कल्याण विभाग से नलिन सिंह, अभिषेक सिंह, रीता यादव, प्रीति सिंह, साक्षी पांडे, सुनीता पांडे, वंदना गुप्ता, वंदना कुशवाहा, अंजली पांडे सहित अन्य लोगों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान एवं शपथ दिलाकर किया गया।








