Home उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्य सेविकाओं को मिला नियुक्ति पत्र, उत्कृष्ट महिलाओं...

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्य सेविकाओं को मिला नियुक्ति पत्र, उत्कृष्ट महिलाओं व बालिकाओं को किया गया सम्मानित

SIDHARTHNAGAR NEWS: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए तथा कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं व बालिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सिद्धार्थनगर के अंबेडकर सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में देखा गया। अंबेडकर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल, विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, विधायक डुमरियागंज सैय्यदा खातून, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, पूर्व विधायक इटवा सतीश द्विवेदी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से बालिकाओं को स्नातक तक की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे शिक्षित होकर देश के विकास में योगदान दे सकें। मेधावी छात्राओं को स्मार्टफोन और टैबलेट उपलब्ध कराकर तकनीकी शिक्षा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही है तथा मिशन शक्ति अभियान और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के जरिए महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। इस अवसर पर सांसद जगदम्बिका पाल ने नियुक्ति पत्र पाने वाली मुख्य सेविकाओं और कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकार, न्याय और स्वावलंबन को मजबूत करने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है। जनधन खातों के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न योजनाओं की धनराशि सीधे डीबीटी के जरिए उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी तभी देश का समग्र विकास संभव होगा। विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत होने से महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिला है और वे दिन-रात कहीं भी सुरक्षित रूप से आ-जा सकती हैं। विधायक डुमरियागंज सैय्यदा खातून ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और मुख्य सेविकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे सीमित मानदेय के बावजूद पूरी जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह ने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं तथा महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब एक महिला शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है। कार्यक्रम के दौरान जनपद में चयनित छह मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही चिकित्सा विभाग की उत्कृष्ट महिला चिकित्सकों, पुलिस विभाग की महिला आरक्षियों, पंचायती राज विभाग की ग्राम विकास अधिकारियों, बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिकाओं, खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों और उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह, सभी सीडीपीओ, कर्मचारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।