सेवा व सहयोग की योजनाओं की दी गई जानकारी
BANDA NEWS: मानवता परिवार जिला इकाई बांदा द्वारा रविवार 08 मार्च 2026 को अतर्रा स्थित आदर्श बाल निकेतन विद्यालय में कार्यशाला एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संस्था की कार्यप्रणाली, पारदर्शी व्यवस्था तथा आपसी सहयोग से संचालित सहायता योजनाओं की जानकारी समाज के लोगों तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में संस्था से जुड़े पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में मानवता परिवार की सामाजिक गतिविधियों और जनहित में संचालित सहयोग योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। राष्ट्रीय संयोजक हिमांशु कुमार ने संस्था की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मानवता परिवार द्वारा सदस्यों के आपसी सहयोग से अब तक दो मृतक नामिनी सहयोग प्रकरणों में लगभग 6 लाख 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता संबंधित परिवारों को प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा ₹200 के वार्षिक सहयोग शुल्क के माध्यम से दुर्घटना अथवा आकस्मिक चिकित्सा सहायता योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत अब तक 8 सदस्यों को दुर्घटना अथवा चिकित्सा सहायता के रूप में करीब ढाई लाख रुपये से अधिक की आर्थिक मदद सीधे उनके बैंक खातों में दी जा चुकी है। वक्ताओं ने कहा कि मानवता परिवार का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है, ताकि जरूरतमंद व्यक्तियों और परिवारों को समय पर आर्थिक एवं सामाजिक सहायता मिल सके। कार्यक्रम के अंत में संस्था के सक्रिय सदस्यों का सम्मान किया गया तथा अधिक से अधिक लोगों से मानवता परिवार से जुड़कर इस सामाजिक सेवा अभियान को मजबूत करने का आह्वान किया गया। इस दौरान समाजसेवी संतोष अनुरागी, जिला प्रभारी बांदा राम दुलारे सोनकर, मंडल प्रभारी देवेंद्र चित्रकूट श्रीवास्तव और जिला प्रभारी बांदा आशीष कुमार को प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही समाजसेवी एवं वरिष्ठ शिक्षक संतोष अनुरागी को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संयोजक हिमांशु कुमार, जिला प्रभारी अरुण, ब्लॉक प्रभारी पंकज कुमार, कोऑर्डिनेटर अनुराग एवं ऐश्वर्य प्रताप सहित कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।







