फोटो-विजी ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता उत्तर क्षेत्र की टीम

PRAYAGRAJ NEWS: संगम नगरी के निवासी मोहम्मद सिब्तैन ने बीसीसीआई द्वारा आयोजित विजी ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 में उत्तर क्षेत्र की कप्तानी करते हुए अपनी टीम को चैंपियन बनाया है। खिताबी मुकाबले में उत्तर क्षेत्र ने पश्चिम क्षेत्र को 158 रन से हराया। शनिवार को गोवा क्रिकेट एसोसिएशन एकेडमी मैदान पर खेले गए फाइनल मैच में उत्तर क्षेत्र में 50 ओवर में 268 रन बनाए, इसके जवाब में पश्चिम क्षेत्र की टीम 20.3 ओवर में 110 रन पर सिमट गई। उत्तर क्षेत्र टीम के कोच राजस्थान रणजी ट्रॉफी टीम के कोच अंशु जैन थे। सिब्तैन ने दिसंबर 2025 में उत्तर क्षेत्रीय अन्तर विश्विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में अपनी कप्तानी में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को भी चैंपियन बनाया था। बहरिया ब्लाक के सरायगनी ग्राम के पूर्व मूल निवासी मोहम्मद उमर के पुत्र मोहम्मद सिब्तैन अब प्रयागराज के राजापुर में रहते हैं। सिब्तैन ने अपनी क्रिकेट प्रशिक्षण की शुरुआत वाईएमसीए मैदान पर एनआईएस क्रिकेट कोच हसबीन अहमद, अनुज त्यागी और अपने बड़े भाई मोहम्मद नबी की देखरेख में शुरू की। वर्ष 2020 में वाईएमसीए से 12वीं पास करने के बाद सिब्तैन ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का रुख किया। जहां से इन्होंने बीपीएड कोर्स पूरा किया। वर्तमान में यह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से एम.पीएड की शिक्षा ले रहे हैं।
बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज एवं मध्यक्रम के बाएं हाथ के बल्लेबाज सिब्तैन को वाईएमसीए की प्रधानाचार्या रीमा मसीह, हारोल्ड वॉटर्स, असलम अली, देवेश मिश्र, परवेज़ आलम, डॉ. भास्कर शुक्ला, राघवेंद्र सिंह, सौरभ कुमार, दिलीप कुमार, मुकेश भारतीय, श्यामू भारतीय ने बधाई दी है।







