KUSHINAGAR NEWS: कसया के उप जिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल ने प्राथमिक विद्यालय नौका टोला सपहा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिड डे मील की गुणवत्ता की जांच की और बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन भी किया। सूचना मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी कसया भी तत्काल विद्यालय पहुंच गए। आज विद्यालय में चावल, दाल, आलू-गोभी की सब्जी, प्याज की पकौड़ी, पापड़ और सलाद बनाया गया था।…
निरीक्षण के समय विद्यालय में प्रधानाध्यापक दीपक मिश्रा, सहायक अध्यापक रविंद्र पाल, लुशी शर्मा और शिक्षामित्र उपस्थित रहे एसडीएम ने कक्षाओं में जाकर शिक्षा की गुणवत्ता भी परखी और बच्चों से सामान्य ज्ञान के कई प्रश्न पूछे। प्रश्नों में राष्ट्रीय खेल, राष्ट्रीय पक्षी, कंप्यूटर के खोजकर्ता, पृथ्वी का सबसे बड़ा स्तनधारी, एफिल टावर, राज्यसभा का कार्यकाल, गेटवे ऑफ इंडिया आदि शामिल रहे।
प्रश्नों के जवाब में कक्षा 4 की छात्रा अन्वेषिका ने सबसे अधिक सही उत्तर दिए, जबकि कक्षा 5 के आयुष व प्रिया कुशवाहा दूसरे स्थान पर और रानू शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं। एसडीएम ने सभी को पुरस्कृत भी किया। निरीक्षण के दौरान कुछ बच्चे सामान्य ज्ञान में कमजोर पाए गए, जिस पर शिक्षकों को सप्ताह में एक दिन दो घंटे सामान्य ज्ञान पढ़ाने का निर्देश दिया गया। साथ ही विद्यालय में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए.








