Home उत्तर प्रदेश जिले के विनय वर्मा और आकाश कुमार का UPSC में हुआ चयन...

जिले के विनय वर्मा और आकाश कुमार का UPSC में हुआ चयन बढ़ाया जिले का मान

रामकोला के विनय वर्मा को 712वीं और तुर्कपट्टी महुअवां के आकाश कुमार को 438वीं रैंक

KUSHINAGAR NEWS:  जिले के दो युवाओं ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। रामकोला क्षेत्र के सिंघा गांव निवासी विनय वर्मा और तुर्कपट्टी क्षेत्र के महुअवां गांव निवासी आकाश कुमार ने यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। दोनों की सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है और लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। रामकोला क्षेत्र के सिंघा गांव निवासी विनय वर्मा को इस परीक्षा में 712वीं रैंक मिली है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही गांव और क्षेत्र में बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिवार और स्थानीय लोगों ने पटाखे फोड़कर, ढोल-नगाड़ों के साथ मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। ग्रामीणों ने विनय की उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। विनय वर्मा के पिता छोटे लाल वर्मा रामकोला नगर में स्वर्ण और साइकिल व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता नर्मदा देवी गृहिणी हैं। विनय अपने परिवार के तीन बच्चों में सबसे बड़े हैं। उनकी बहन साक्षी वर्मा बी0ए0एम0एस0 की पढ़ाई कर रही हैं, जबकि छोटे भाई आकाश वर्मा केरल से एम0बी0एस0 की पढ़ाई कर रहे हैं। विनय की प्रारंभिक शिक्षा पडरौना में हुई।इंटरमीडिएट के बाद उन्होंने कोटा में दो वर्षों तक तैयारी की और वर्ष 2018 में आई आईटी की परीक्षा पास कर इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने टाटा कंपनी में करीब छह महीने नौकरी की, लेकिन उनका सपना सिविल सेवा में जाकर समाज के लिए काम करने का था। परिवार की सहमति मिलने के बाद उन्होंने नौकरी छोड़ दी और दिल्ली में रहकर यु0पी0एस0सी0 की तैयारी शुरू कर दी। लगातार मेहनत के बाद तीसरे प्रयास में उन्हें सफलता मिली और उन्होंने आई ए एस बनने का सपना साकार कर लिया। वहीं तुर्कपट्टी क्षेत्र के महुअवां गांव निवासी आकाश कुमार ने इस परीक्षा में 438वीं रैंक हासिल की है। आकाश के पिता अरविंद रावत पडरौना तहसील में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की सफलता की सूचना मिलते ही तहसील परिसर में कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी और मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। आकाश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से मास्टर डिग्री प्राप्त की। उन्होंने चौथे प्रयास में यह सफलता हासिल की। इस अवसर पर पडरौना सदर एसडीएम आशुतोष कुमार, तहसीलदार आशुतोष कुमार सहित कई राजस्वकर्मियों ने अरविंद रावत को बधाई दी। लेखपाल संघ के अध्यक्ष मनीष पांडेय, वंशबहादुर यादव, योगेंद्र गुप्ता, अनिवेश पांडेय, राजकुमार और संतोष गुप्ता सहित अन्य कर्मचारियों ने भी आकाश की सफलता पर खुशी व्यक्त की। कुशीनगर जिले के इन दोनों युवाओं की सफलता से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। लोगों का कहना है कि उनकी उपलब्धि से जिले के युवाओं को बड़ी प्रेरणा मिलेगी और वे भी सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता पाने के लिए आगे बढ़ेंगे।