BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) तुलसीपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू हत्याकांड में एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई होगी। अपर सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार तृतीय की अदालत में मामले की अगली सुनवाई 7 मार्च को निर्धारित की गई है। फिरोज अहमद उर्फ पप्पू की हत्या 4 जनवरी 2022 की रात जरवा मार्ग पर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने तत्कालीन सपा के पूर्व सांसद रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा रिजवान और दामाद रमीज नेमत सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने एमपी-एमएलए कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया था। इसके बाद से मामले की सुनवाई जारी है। वर्तमान में पूर्व सांसद रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा रिजवान और दामाद रमीज नेमत को अदालत से जमानत मिल चुकी है। इस बहुचर्चित हत्याकांड की अगली सुनवाई 7 मार्च को होगी। इस सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।







