Home बड़ी ख़बरें आरएसपी ने दर्ज की पहली जीत, 47 सीटों पर आगे; बालेन शाह...

आरएसपी ने दर्ज की पहली जीत, 47 सीटों पर आगे; बालेन शाह ने केपी ओली को पछाड़ा

20
0

नेपाल में एक दिन पहले हुए मतदान के बाद आज मतगणना हो रही है। नेपाल के आम चुनाव के शुरुआती रुझान सियासी समीकरण बदलने के संकेत दे रहे हैं। शुरुआती आंकड़ों में बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी पारंपरिक दलों को कड़ी चुनौती देती दिख रही है। करीब 60 फीसदी मतदान के बीच केपी शर्मा ओली और गगन थापा जैसे बड़े नेता भी चुनावी मैदान में हैं। इस चुनाव में भ्रष्टाचार और सिस्टम में बदलाव सबसे बड़े मुद्दों के तौर पर उभरकर सामने आए हैं।

आरएसपी 47 सीटों पर आगे

राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) 47 निर्वाचन क्षेत्रों में अपने प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे चल रही है। सीपीएन-यूएमएल और नेपाली कांग्रेस दोनों पांच-पांच निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रही हैं, जबकि नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी तीन और अन्य पार्टियां दो निर्वाचन क्षेत्रों में आगे हैं। अब तक आरएसपी ने अपनी पहली पुष्ट जीत का दावा किया है, जबकि सीपीएन-यूएमएल, नेपाली कांग्रेस, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी और अन्य पार्टियों को अभी तक जीत हासिल करनी बाकी है।

राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी को मिली पहली जीत

राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की उम्मीदवार रंजू न्यूपाने (दर्शना) ने काठमांडू-1 से संसदीय सीट जीत ली है। दर्शना ने 15,455 वोट हासिल करके नेपाली कांग्रेस के उम्मीदवार प्रबल थापा को हराया है। जिन्हें 6,364 वोट मिले। राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के उम्मीदवार रबींद्र मिश्रा, जो पिछले दो चुनावों में मामूली अंतर से हार गए थे, 3,972 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस परिणाम से राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी को अपनी पहली जीत मिली है।

ओली से आगे बालेन शाह

राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के वरिष्ठ नेता और पीएम पद उम्मीदवार बालेन शाह ने सीपीएन-यूएमएल के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली पर अपनी बढ़त को और बढ़ा ली है। नवीनतम मतगणना के अनुसार शाह को 10,190 वोट मिले हैं, जबकि ओली को 4,087 वोट प्राप्त हुए हैं। जैसे-जैसे निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना आगे बढ़ रही है बड़ा अंतर सामने आ रहा है।

आरएसपी की 44 सीटों पर शुरुआती बढ़त

चुनाव आयोग के अनुसार राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने 44 निर्वाचन क्षेत्रों में शुरुआती बढ़त हासिल कर ली है। नेपाल की प्रमुख वामपंथी पार्टियों में से एक सीपीएन-यूएमएल पांच निर्वाचन क्षेत्रों में आगे है, जबकि देश की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी नेपाली कांग्रेस चार निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रही है।

वहीं नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी तीन निर्वाचन क्षेत्रों में आगे है, जबकि अन्य पार्टियां दो निर्वाचन क्षेत्रों में आगे हैं। देशभर में मतों की गिनती जारी रहने के बीच अपेक्षाकृत नई राजनीतिक ताकत आरएसपी शुरुआती दौर में सबसे आगे निकल कर सामने आई है।

165 सदस्य चुने जाएंगे

वोटों की गिनती फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट (एफपीटीपी) सिस्टम के तहत चल रही है, जिसके जरिए संसद के निचले सदन के 165 सदस्य चुने जाएंगे।

ओली की पार्टी पिछड़ी

ताजा अपडेट के अनुसार, आरसीपी 39 चुनावी इलाकों में आगे चल रही है, उसके बाद नेपाली कांग्रेस है, जो तीन इलाकों में आगे है। नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी) दो इलाकों में आगे चल रही है, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री ओली की पार्टी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड मार्क्सिस्ट-लेनिनिस्ट) को किसी भी इलाके में कोई बढ़त नहीं है।

शाह को 1478 वोट, ओली को मिले 385 वोट

काठमांडू मेट्रोपॉलिटन सिटी के पूर्व मेयर बालेन शाह, ओली के पारंपरिक राजनीतिक गढ़ में प्रधानमंत्री पद के दो उम्मीदवारों के बीच मुकाबले में हैं। ऑनलाइन पोर्टल एकांतिपुर पर शुरुआती वोटों की गिनती के अनुसार शाह को 1,478 वोट मिले हैं, जबकि ओली को 385 वोट मिले हैं।

बालेंद्र शाह पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली से आगे

नेपाली मीडिया के अनुसार 43 सीटों पर शुरुआती गिनती में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी 35 सीटों पर आगे चल रही है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बालेंद्र शाह पूर्वी नेपाल के झापा-5 में पूर्व प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली से आगे चल रहे हैं, जबकि देश के संसदीय चुनावों में आरएसपी ने शुरुआती बढ़त बना ली है।

नेपाल चुनाव में 60 प्रतिशत मतदान

नेपाल में संसदीय चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान हुआ, जिसमें करीब 60 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट डाले। नेपाल निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने मीडिया ब्रीफिंग में यह आंकड़ा बताया। पिछले चुनावों में मतदान प्रतिशत की बात करें तो 2022 में 61.63 प्रतिशत था। 2017 में 68.67 प्रतिशत था, जबकि 2013 में 78.34 प्रतिशत रहा था।

आरएसपी ने दर्ज की पहली जीत, 47 सीटों पर आगे; बालेन शाह ने केपी ओली को पछाड़ा

05 मार्च गुरुवार को नेपाल में बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। शुरुआती रुझानों में बालेन शाह के पक्ष में माहौल बनता दिख रहा है और उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी बढ़त बनाती नजर आ रही है, जबकि पारंपरिक दलों की स्थिति कमजोर दिख रही है। यह चुनाव उस राजनीतिक उथल-पुथल के बाद हो रहा है, जब जेन-जी के उग्र विरोध प्रदर्शनों के चलते केपी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार गिर गई थी। ऐसे में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई और सिस्टम में बदलाव इस चुनाव के प्रमुख मुद्दे बनकर उभरे हैं।