Home उत्तर प्रदेश कप्तान के ठुमकों ने जीता पुलिस लाइन का दिल

कप्तान के ठुमकों ने जीता पुलिस लाइन का दिल

नेतृत्व और नृत्य का संगम, होली बनी खास

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ जवानों ने मनाई हर्षोल्लास से होली, सौहार्द और भाईचारे का दिया संदेश
JHANSI NEWS: होली के पावन अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान उस समय माहौल और भी खुशनुमा हो गया जब एसएसपी बीबीटीएस मूर्ति ने जवानों के साथ रंगों में सराबोर होकर ठुमके लगाए। वरिष्ठ अधिकारी को अपने बीच उत्साहपूर्वक झूमते देख जवानों का उत्साह दोगुना हो गया और पूरा परिसर तालियों व हंसी-खुशी से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने जवानों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस परिवार एकजुटता और आपसी विश्वास का प्रतीक है। त्योहारों के अवसर पर इस तरह के आयोजन आपसी समन्वय को मजबूत करते हैं और कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों से निपटने की ऊर्जा प्रदान करते हैं। जवानों ने भी अपने वरिष्ठ अधिकारी के साथ खुलकर रंग खेला और पारंपरिक गीतों पर जमकर नृत्य किया। एसएसपी के ठुमकों ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी। कई जवानों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से पुलिस परिवार में अपनापन बढ़ता है और मनोबल ऊंचा होता है। होली मिलन समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर सौहार्दपूर्ण होली मनाने का संदेश दिया। साथ ही, शहरवासियों से भी अपील की गई कि वे होली का पर्व शांति, भाईचारे और कानून व्यवस्था का पालन करते हुए मनाएं। कार्यक्रम का समापन सामूहिक फोटो एवं मिष्ठान वितरण के साथ हुआ। पूरे आयोजन में अनुशासन और उल्लास का सुंदर संगम देखने को मिला।