Home उत्तर प्रदेश बिजली के पोल की चिंगारी से लगी आग, चार दुकानें जलकर खाक

बिजली के पोल की चिंगारी से लगी आग, चार दुकानें जलकर खाक

गैस सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप, लाखों की संपत्ति का नुकसान
FATEHPUR NEWS:  कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के खजुहा कस्बे में बिजली के पोल से निकली चिंगारी के कारण चार दुकानों में भीषण आग लग गई। आग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। आग की चपेट में आने से चारों दुकानें जलकर खाक हो गईं, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हो गया।
जानकारी के अनुसार खजुहा कस्बे के पहुर तिराहे पर बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे बिजली के खंभे से निकली चिंगारी के कारण आग लग गई। आग सबसे पहले जोगापुर निवासी पंकज की चाय, चाट, बताशा व कैंटीन की दुकान में लगी, जो देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गई। इसी आग की चपेट में खजुहा निवासी धुन्नर की शादी-विवाह में प्रयोग होने वाले साज-सज्जा और फूलमाला की दुकान भी जल गई। इसके अलावा एक पान मसाला की गुमटी तथा मोहित की मैंगो जूस की दुकान भी आग में जलकर नष्ट हो गई। आग के दौरान एक दुकान में रखा गैस सिलेंडर भी फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।