बिंदकी सीएचसी से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
FATEHPUR NEWS: बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित बाइक से गिरकर एक अधेड़ महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में भर्ती कराया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किए जाने के बाद रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दरबेशाबाद गांव के समीप सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे यह हादसा हुआ। ग्राम जबरापुर निवासी रामपति देवी (55) पत्नी रामराज अपने नाती रवि कुमार निवासी ग्राम रैना थाना मलवा के साथ बाइक से मायके रैना गांव से अपने ससुराल जबरापुर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक कुत्ता सामने आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और रामपति देवी गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया। आगे बताया गया कि जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही रामपति देवी ने दम तोड़ दिया। बाद में परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।







