Home उत्तर प्रदेश सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेल प्रतिभा ने दर्शकों का मनमोहा

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेल प्रतिभा ने दर्शकों का मनमोहा

19
0

– विद्यालय प्रबंधन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित।

लालगोपालगंज। रमेशनगर मंसूराबाद स्थित राजकुमारी मेमोरियल स्कूल में 23वां वार्षिकोत्सव एवं खेल प्रतियोगिता समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। मुख्य अतिथि के रूप में फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद मौर्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुआ, जिसकी प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद देशभक्ति गीतों पर बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वाद-विवाद प्रतियोगिता व आलेख प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। भक्तिमय गीतों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों को भावविभोर कर दिया। मुख्य अतिथि गुरु प्रसाद मौर्य ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा मंडलाध्यक्ष राजेंद्र केसरवानी, जिला कार्यसमिति सदस्य विनोद ओझा, पूर्व मंडलाध्यक्ष प्रशांत गुप्ता, सपा नेता दूधनाथ पटेल तथा राकेश पासी (पूर्व बीबीसी सदस्य) ने भी समारोह की गरिमा बढ़ाई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। आयोजक अधिवक्ता दिलीप केसरवानी ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत किया। प्रधानाचार्य नरेंद्र मौर्य ने अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बना दिया।