सभी ने कांग्रेस के सिद्धांतों पर चलने का लिया संकल्प
FATEHPUR NEWS: शहर स्थित कांग्रेस कार्यालय, ज्वालागंज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खागा विधानसभा क्षेत्र से आए लगभग दो दर्जन नवयुवकों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिला एवं शहर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने सभी युवाओं को सदस्यता दिलाई। सदस्यता ग्रहण करने वालों में मुख्य रूप से ग्राम बहलोलपुर निवासी लाल बहादुर, विमल, दीपक पासवान, निर्भय कुमार, गुड्डू राम चरण, कंधई, संतोष कुमार, मुन्ना, अंगद, रितेश कुमार, सुधांशु, जितेंद्र सिंह, नरेंद्र लोधी, उत्तम सिंह लोधी सहित अन्य युवा शामिल रहे। सभी नवयुवकों का शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि युवा वर्ग का कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ना संगठन के लिए सकारात्मक संकेत है। जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि देश की राजनीति में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है और कांग्रेस सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा विकास के मुद्दों पर प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुधाकर अवस्थी, कलीम उल्ला सिद्दीकी, पंडित राम नरेश महराज, प्रवक्ता ई. देवी प्रकाश दुबे, सैयद सहाब अली सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।







