जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने फीता काटकर किया उद्घाटन
FATEHPUR NEWS: राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजनान्तर्गत न्यूट्री सीरियल (श्री अन्न) घटक के अंतर्गत जनपद स्तरीय दो दिवसीय मिलेट्स महोत्सव का आयोजन 24 एवं 25 फरवरी 2026 को कृषि विज्ञान केन्द्र, थरियाँव फतेहपुर में किया जा रहा है। महोत्सव के प्रथम दिवस (मंगलवार) से किसानों का पंजीकरण प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल द्वारा किया गया। महोत्सव में कृषि, कृषि रक्षा, उद्यान, रेशम, मत्स्य, ग्राम्य विकास, श्रम विभाग, दिव्यांगजन विभाग, नमामि गंगे, इफ्को, बीज एवं खाद विक्रेता संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा एफपीओ द्वारा स्टॉल लगाकर प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई। स्टॉलों के माध्यम से जैविक एवं घरेलू उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। कृषि वैज्ञानिकों द्वारा उन्नत कृषि तकनीक, रोग एवं कीट नियंत्रण, पशुपालन, शस्य वानिकी एवं श्री अन्न की उन्नत खेती संबंधी जानकारी प्रदान की गई। डॉ. जितेन्द्र सिंह एवं डॉ. साधना वैश्य ने किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, शस्य विज्ञान, उद्यानिकी एवं पशुपालन विषयक महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वहीं उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र सिंह ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना, फार्मर रजिस्ट्री, पीएम कुसुम योजना, फसल बीमा योजना एवं कृषि यंत्रीकरण संबंधी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने, जैविक खेती अपनाने तथा श्री अन्न के उत्पादन एवं उपयोग को बढ़ाने का आह्वान किया। जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने किसानों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने, मिलेट्स फसलों की बुआई बढ़ाने, जल संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग एवं मृदा संरक्षण अपनाने की अपील की। साथ ही हरी खाद के लिए ढैंचा की अधिक से अधिक बुआई करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नहर कटान, फसल सुरक्षा, वन्य जीवों से बचाव तथा श्री अन्न की खेती को बढ़ावा देने के संदेश दिए गए। कृषक-वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम में उन्नतशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे अन्य कृषकों को आधुनिक एवं लाभकारी खेती के प्रति प्रेरणा मिली। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार, भूमि संरक्षण अधिकारी अख्तर हुसैन (रा०जला०), भूमि संरक्षण अधिकारी अमित कुमार (ई०ई०सी० खागा), कृषि वैज्ञानिक डॉ. जितेन्द्र सिंह, डॉ. साधना वैश्य, डॉ. जगदीश किशोर, डॉ. संजय कुमार सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।







