Home उत्तर प्रदेश नकल पर कड़ा पहरा: डीएम डॉ. दिनेश चंद्र का ई-डिस्ट्रिक्ट सेल का...

नकल पर कड़ा पहरा: डीएम डॉ. दिनेश चंद्र का ई-डिस्ट्रिक्ट सेल का औचक निरीक्षण

JAUNPUR NEWS:  डॉ०दिनेश चंद्र ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा–2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने ई-डिस्ट्रिक्ट सेल प्रभारी एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला को निर्देशित किया कि सभी 206 परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित किया जाए, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
डीएम ने कहा कि जनपद में परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सख्त निगरानी और पुख्ता इंतजामों के साथ परीक्षा कराई जा रही है।
206 केंद्रों पर कड़ी निगरानी
जनपद में कुल 206 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हो रही है। व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए 06 जोनल मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 206 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त रिजर्व अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके।
आयोग के निर्देशानुसार हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित की जा रही है।
प्रथम पाली: प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक
द्वितीय पाली: अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक
हाईस्कूल में 77,042 तथा इंटरमीडिएट में 77,080 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
कंट्रोल रूम हुआ सक्रिय
डीएम ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल का हेल्पलाइन नंबर 05452-318005 जारी किया गया है। किसी भी समस्या की स्थिति में विभागीय कंट्रोल रूम नंबर 7905471191 एवं 9451962481 पर संपर्क किया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भकुरा के प्रधानाचार्य प्रभाकर सिंह, शशि राव सहित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।