Home उत्तर प्रदेश महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, पंचमुखी महादेव मंदिर मेले में दिखी...

महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, पंचमुखी महादेव मंदिर मेले में दिखी शिव भक्ति की अनुपम छटा

साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह आब्दी के नेतृत्व में पत्रकारों का हुआ भव्य सम्मान

सीजेए के लीगल सेल चेयरमैन एवं क्रिमिनल मामलों के प्रसिद्ध अधिवक्ता जावेद रहे मुखय अतिथि

FATEHPUR NEWS:  “हर-हर महादेव” के जयघोष और शिवभक्ति के उल्लास के बीच जनपद के ब्लॉक ऐरायां अंतर्गत ग्राम पंचायत इजूरा खुर्द में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्री पंचमुखी महादेव मंदिर का चौथा वार्षिक मेला श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का भव्य संगम बनकर उभरा। चारों दिशाओं से आए श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया और पूरा क्षेत्र शिवमय वातावरण में डूब गया। इस दिव्य आयोजन की अध्यक्षता मेला कमेटी के युवा अध्यक्ष एवं पत्रकार ठाकुर दिव्यांश प्रताप सिंह ने की, जिनके नेतृत्व में यह मेला आज केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक समरसता का प्रतीक बन चुका है। कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित पत्रकार संगठन साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन (सीजेए) के लीगल सेल के चेयरमैन एवं जनपद के चर्चित क्रिमिनल मामलों के वरिष्ठ अधिवक्ता जावेद खान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन संगठन के राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान, प्रदेश अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार शहंशाह आब्दी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अज़रा न्यूज़ के संपादक ज़र्रेयाब खान, उत्तराखंड राज्य सह प्रभारी पारुल सिंह, जिला अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह, जिला महासचिव सैय्यद शारिब क़मर अज़मी, जिला सचिव धीर सिंह, ऐरायां ब्लॉक महासचिव मेराज अहमद सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता जावेद खान ने अपने उद्बोधन में भगवान शिव के त्रिसूत्र “सत्यम, शिवम, सुंदरम” का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि शिव केवल देव नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक दिव्य चेतना हैं। उन्होंने पंचमुखी महादेव मंदिर समिति की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थल आने वाली पीढ़ियों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा। कार्यक्रम का भावपूर्ण संचालन राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान ने किया। उन्होंने भारतवर्ष में महाशिवरात्रि की परंपरा, शिव तत्व और सनातन संस्कृति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिव भक्ति ही मानव को अहंकार से मुक्ति और समाज को एकता की दिशा में ले जाती है। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष ज़र्रेयाब खान ने शेरो-शायरी के माध्यम से गंगा-जमुनी तहज़ीब का भावपूर्ण संदेश दिया और कहा कि शिव की भक्ति सभी धर्मों को जोड़ने वाली कड़ी है। जिला अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह ने भी शिव भक्ति में लीन होकर कहा कि महाशिवरात्रि आत्मा के जागरण का पर्व है। कार्यक्रम में जनपद भर से आए वरिष्ठ पत्रकारों को फूल मालाएं और शॉल पहनाकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एडवोकेट जावेद खान को मेला कमेटी की ओर से माला के साथ शाल पहनाकर एक प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। वहीं विशेष रूप से साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान को बहेरा सादात के पूर्व प्रधान ताज आब्दी द्वारा शील्ड भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस मूर्ति और मंदिर निर्माण के विषय में स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि 18 अक्टूबर 2022 को गांव के एक आलू के खेत से भगवान शिव की प्रतिमा प्रकट हुई थी। उस दिन हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी और तभी से इस स्थान को शिवधाम के रूप में पहचान मिली। इसी दिव्य संकेत को जीवन का लक्ष्य मानकर युवा ठाकुर दिव्यांश प्रताप सिंह ने संकल्प लिया कि यहीं पंचमुखी महादेव मंदिर का निर्माण होगा। बुजुर्गों के आशीर्वाद और समाज के सहयोग से आज यह मंदिर पूरे क्षेत्र की आस्था का केंद्र बन चुका है। साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार शहंशाह आब्दी ने मंदिर निर्माण से लेकर हर वर्ष मेले तक सक्रिय सहयोग किया। हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की अनुपम मिसाल तब देखने को मिली जब नव-निर्मित मंदिर के मुख्य द्वार का लोकार्पण भी शहंशाह आब्दी के हाथों संपन्न हुआ, जिसका संदेश देशभर में मीडिया के माध्यम से गया। कमेटी द्वारा बताया गया कि मेले में दिन भर दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ी और रात में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के युवा जिलाध्यक्ष विवेक सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में मेला कमेटी अध्यक्ष ठाकुर दिव्यांश प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों, पत्रकारों, श्रद्धालुओं और ग्रामवासियों का भावुक शब्दों में आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मेला केवल आयोजन नहीं, हमारी आस्था, हमारी संस्कृति और हमारे भाईचारे की पहचान है। हर-हर महादेव! इस दौरान पत्रकारों ने शिवशरण बंधु, इसरार अहमद मुमताज, करम मोहम्मद, पंकज सक्सेना, राजेश कुमार यादव, रमेश, गुलाब सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, नाजिया शेख, विमलेश मौर्या, अभय पांडेय, तस्लीम शेख, प्रदीप कुमार, महेश चौधरी, अजय भारती, संदीप कुमार निर्मल, मुहाफिज आब्दी, रामू यादव, किसान यूनियन टिकैत गुट के ऐरायां ब्लॉक उपाध्यक्ष उग्रसेन सिंह, प्रधान पति एवं प्रतिनिधि मनोज कुमार सहित कई अन्य लोग शामिल रहे जिनका भी सम्मान किया गया है।