FATEHPUR NEWS: केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), नई दिल्ली से सम्बद्ध महर्षि विद्या मन्दिर सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल फतेहपुर के कक्षा 10 के छात्र मास्टर अभिनव सिंह ने विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। अभिनव सिंह का चयन 60 यू.पी. एन.सी.सी. बटालियन द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 26 जनवरी को नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने के लिए किया गया था। इस दौरान देश के सभी राज्यों से आए एन.सी.सी. कैडेट्स के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें अभिनव सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अभिनव सिंह को लेफ्टिनेंट जनरल द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। अभिनव की इस उपलब्धि पर एन.सी.सी. शिक्षक रोहित दत्त, बिपिन मिश्रा एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने हर्ष व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







