Home उत्तर प्रदेश 77वां गणतंत्र दिवस गरिमामय व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

77वां गणतंत्र दिवस गरिमामय व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने फहराया तिरंगा

FATEHPUR NEWS: जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर समस्त सरकारी भवनों पर प्रातः 8:30 बजे ध्वजारोहण किया गया। कैम्प कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। वहीं विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा ध्वजारोहण कर सामूहिक राष्ट्रगान गाया गया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई गई। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित गांधी मैदान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, अम्बेडकर पार्क में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर एवं महात्मा गौतम बुद्ध की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। तत्पश्चात कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को देश में संविधान लागू हुआ, जो हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि अमर बलिदानियों के त्याग और संघर्ष के कारण ही हमें स्वतंत्रता मिली है। उन्होंने संविधान में उल्लिखित मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों को पढ़ने, समझने और अपने आचरण में उतारने पर बल दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि संविधान के दायरे में रहकर निष्पक्षता एवं निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा आम जन की समस्याओं का समयबद्ध और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करें। विचार गोष्ठी में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी न्यायिक, समाजसेवी जियालाल, रामखेलावन सत्यार्थी सहित अन्य वक्ताओं ने भी गणतंत्र दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। पूरे जनपद में गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभक्ति और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर उप जिलाधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी व कर्मचारीगण तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।