MIRZAPUR NEWS: विधानसभा मझवां क्षेत्र के कछवां बाजार में आयोजित स्वर्गीय शिवनाथ सिंह चैलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट (लेदर बॉल) का फाइनल मुकाबला मंगलवार को खेला गया।
फाइनल मैच में जिला मथुरा और ओबरा (सोनभद्र) की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें मथुरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओबरा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 235 रन बनाए। जवाब में मथुरा की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 16 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 236 रन बनाकर मैच जीत लिया। टूर्नामेंट के समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर बैट-बॉल से खेल की शुरुआत कराई। इससे पूर्व आयोजकों ने विधायक का माल्यार्पण व स्मृतिचिह्न भेंट कर स्वागत किया। विजेता मथुरा टीम के कप्तान को विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने चमचमाती ट्रॉफी के साथ 1 लाख रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया। वहीं उपविजेता ओबरा टीम को ट्रॉफी व 50 हजार रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया।
मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार शानदार बल्लेबाजी करते हुए पूरे टूर्नामेंट में 364 रन बनाने वाले शार्दुल सिंह को दिया गया। इस अवसर पर आयोजक विनय कुमार सिंह, मुख्य संरक्षक संतोष सिंह, अध्यक्ष राजेश गुप्ता, उपाध्यक्ष राजन सिंह, सचिव जावेद आलम, भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन कुमार उपाध्याय, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज पांडेय, पूर्व चेयरमैन अजय उपाध्याय, कृष्ण मोहन सिंह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।







