MIRZAPUR NEWS: मड़िहान विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कलवारी राजगढ़ में बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) एवं जी राम जी योजना को लेकर मंडल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) लोकतंत्र को सशक्त बनाने की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके माध्यम से मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाया जाता है। उन्होंने मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस कार्य को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करें।विधायक ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर नए पात्र मतदाताओं का नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में जोड़ा जाए तथा जिन मतदाताओं का नाम किसी कारणवश छूट गया है, उनका शीघ्र पंजीकरण कराया जाए। इसके साथ ही विधायक ने जी राम जी योजना को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम पर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीबों, मजदूरों और जरूरतमंदों के लिए एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। उन्होंने बताया कि पहले इस योजना के अंतर्गत 100 दिनों के रोजगार की गारंटी थी, जिसे अब बढ़ाकर 125 दिनों कर दिया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे योजना की सही जानकारी जन-जन तक पहुँचाएँ और भ्रम फैलाने वाले तत्वों को तथ्यों के साथ जवाब दें। बैठक में मंडल अध्यक्ष सुनीता सिंह ने संगठनात्मक विषयों पर प्रकाश डालते हुए सभी पदाधिकारियों से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मंडल के सेक्टर संयोजक सहित बड़ी संख्या में मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना, मतदाता सूची के कार्य को गति देना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की सही जानकारी आम जनता तक पहुँचाना रहा।







