लोकतंत्र की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष को किया गया याद
FATEHPUR NEWS: प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार बुधवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय, फतेहपुर में समाजवादी आंदोलन के प्रौढ़ नेता लोकबंधु राज नारायण की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण करने के उपरांत एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला अध्यक्ष दलजीत निषाद द्वारा किया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिला अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने लोकबंधु राज नारायण के लोकतंत्र रक्षक संघर्ष को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1971 में इंदिरा गांधी के विरुद्ध चुनाव हारने के बावजूद उन्होंने न्यायपालिका का दरवाजा खटखटाया और चुनाव में आचार संहिता उल्लंघन के ठोस साक्ष्य प्रस्तुत किए। इसके परिणामस्वरूप उच्च न्यायालय ने इंदिरा गांधी का चुनाव निरस्त करते हुए छह माह तक चुनाव न लड़ने का ऐतिहासिक निर्णय दिया, जिससे देश की जनता का लोकतंत्र और संविधान पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ। उन्होंने कहा कि लोकबंधु राज नारायण जी का जीवन सिद्धांत, साहस और जनहित के संघर्ष का प्रतीक है, जिससे आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मनोज यादव, हीरा लाल साहू, अकील अहमद, नागेंद्र यादव, तसनीम खान, कल्लू, सुमित साहू, प्रदीप सोनकर, कामता प्रसाद सहित अन्य समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







