संगठन विचारों के साथ ही कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि: अन्नू श्रीवास्तव
FATEHPUR NEWS: भारतीय जनता पार्टी के नव मनोनीत जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव का शुक्रवार को जेल रोड स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जोरदार स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि समारोह में मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन ने जो दायित्व सौंपा है, उसे सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के सहयोग से पूरी निष्ठा और कुशलता से निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यक्रमों, अभियानों के साथ ही आने वाले सभी चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मान और उनके हितों की रक्षा करना उनकी पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने जिलाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अन्नू श्रीवास्तव लंबे समय से संगठन के समर्पित सिपाही रहे हैं और उन्हें वरिष्ठ तथा युवा कार्यकर्ताओं का पूरा सहयोग मिल रहा है। उनके नेतृत्व में आने वाले चुनावों में संगठन और अधिक मजबूत होगा। कार्यक्रम में विधायक कृष्णा पासवान, राजेंद्र सिंह पटेल, जय कुमार सिंह जैकी, विकास गुप्ता, आशीष मिश्रा, प्रमोद द्विवेदी, दिनेश बाजपेई, मनोज शुक्ला, रमाकांत बाजपेई, रामप्रताप सिंह गौतम, उदय लोधी, चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव, नीरज सिंह, पुष्पराज पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जिला इकाई के सदस्य, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी एवं महिला व युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।







