Home उत्तर प्रदेश किसान मजदूर मोर्चा ने किया प्रदर्शन, किसान एवं मजदूरों के हित में...

किसान मजदूर मोर्चा ने किया प्रदर्शन, किसान एवं मजदूरों के हित में सौंपा ज्ञापन

पीएम व सीएम के नाम भेजा गया 13 सूत्रीय ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: शहर के नहर कॉलोनी परिसर में शुक्रवार को किसान मजदूर मोर्चा (अराजनैतिक संगठन) ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों और मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को उठाया गया। प्रदर्शन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित 13 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। धरना का नेतृत्व कर रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर सिंह पटेल ने सरकार से किसान मजदूर आयोग का गठन कर उसे संवैधानिक दर्जा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लाल किले से किसानों की आय दोगुनी करने का वादा अभी तक पूरा नहीं हुआ है। पटेल ने कीटनाशक दवाओं, डीएपी खाद और कृषि यंत्रों की कीमतें कम करने की भी मांग उठाई। अमर सिंह पटेल ने किसानों के स्वास्थ्य बीमा की राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की बात कही। इसके अतिरिक्त, उन्होंने किसानों और मजदूरों के बच्चों के लिए सरकारी नौकरियों में आरक्षण कोटा तय करने की भी मांग की। संगठन के प्रदेश सचिव महावीर सिंह गौतम ने प्रदेश में आवासीय योजनाओं में हो रहे अन्याय पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि कई पात्र लाभार्थियों को अभी तक आवास नहीं मिले हैं, जबकि अपात्रों को लाभ दिया जा रहा है। गौतम ने सरकार से किसानों और मजदूरों के लिए रोटी, कपड़ा और मकान की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। महिला मंच की प्रदेश सचिव रचना वर्मा ने महिला किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि गांवों में पशुपालन का कार्य मुख्य रूप से महिलाएं करती हैं, इसलिए उन्हें किसान सम्मान निधि की तर्ज पर महिला किसान सम्मान राशि प्रदान की जानी चाहिए। वर्मा ने महिला किसानों को भी सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समान रूप से दिए जाने पर जोर दिया।इस धरना प्रदर्शन में प्रियंका पाल (जिला सचिव महिला मंच), अरविंद कुमार (मंडल उपाध्यक्ष), तेजपाल सक्सेना, चंद्रशेखर, अनुज पटेल, अनुराधा वर्मा, राजदुलारी, उमा और गंगा देवी सहित बड़ी संख्या में किसान और मजदूर शामिल हुए।