विकासखंड विजयीपुर कार्यालय में हुआ संपर्क संवाद, धरोहर संरक्षण और विकास पर जोर
FATEHPUR NEWS: बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय बुंदेलखंडी के नेतृत्व में विकास खंड विजयीपुर कार्यालय में “मेरी माटी मेरा तीर्थ, मेरा फतेहपुर मैं ही सवारूंगा” अभियान के तहत संपर्क संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। प्रवीण पांडेय ने कहा कि हमें अपने गाँव के विकास की चिंता स्वयं करनी होगी, तभी वास्तविक परिवर्तन संभव है। उन्होंने लोगों से अपने गाँव को स्वच्छ, आत्मनिर्भर और सांस्कृतिक रूप से मजबूत बनाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री यज्ञेश गुप्ता ने बताया कि समिति समाज के हर वर्ग को जोड़कर फतेहपुर को आदर्श जनपद बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखते हुए विकास और धरोहर संरक्षण पर जोर दिया। प्रधान धर्मेंद्र ने कहा कि पंचायत स्तर पर योजनाओं को ईमानदारी से लागू करना होगा। राम खेलावन पटेल ने कहा कि शिक्षा और रोजगार पर विशेष ध्यान देना होगा। जयचंद्र पाल ने कहा कि किसान ही गाँव की रीढ़ हैं, उनके लिए सुविधाएँ बढ़नी चाहिए। चंद्र प्रकाश ने कहा कि युवाओं को इस अभियान से जोड़ना जरूरी है। राज बहादुर सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होना चाहिए। लक्ष्मीकांत ने कहा कि गाँव की जल समस्या पर ठोस कदम उठाने होंगे। घनश्याम पाल ने कहा कि गाँव की एकता ही विकास की कुंजी है। राजपति ने कहा कि गाँव का सांस्कृतिक गौरव सुरक्षित रखना होगा। चंद्रभान ने कहा कि अभियान से ग्रामीणों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। इस अवसर पर 12 अक्टूबर को प्रस्तावित “समग्र फतेहपुर विमर्श कार्यशाला” की तैयारी पर भी विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही एकडला के प्राचीन मंदिर और सरौली के कल्पवृक्ष को हमारी धरोहर बताते हुए इन्हें संरक्षित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया। मुख्य रूप से कार्यक्रम में रवि तिवारी, पीयूष मिश्र, निरंजन शुक्ला सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।







