करोड़ों की लागत से बनी सड़क एक महीने में ही धंस गई, विभाग ने जांच का आश्वासन दिया
SIDHARTHNAGAR NEWS: भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बनाई जा रही बॉर्डर डेवलपमेंट सड़क की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल उठ गए हैं। बढ़नी से धनौरा बुजुर्ग होते हुए जाने वाली इस नव-निर्मित सड़क का एक हिस्सा निर्माण के एक महीने के भीतर ही धंस गया है। धनौरा बुजुर्ग गांव से पहले राप्ती नहर पुल के अप्रोच से ठीक पहले सड़क में बीचों-बीच बड़ा गड्ढा बन गया है, जिसमें बुधवार को गिरकर एक साइकिल सवार राहगीर चोटिल हो गए। दुर्घटना का शिकार हुए पुत्ती लाल यादव ने बताया कि उन्हें लगा कि नई बनी सड़क सुरक्षित होगी, लेकिन अचानक बीच में गड्ढा होने के कारण वह संतुलन खो बैठे और गिरकर घायल हो गए। उन्हें धनौरा बुजुर्ग के प्रधान प्रतिनिधि अलीमुल्ला और ग्रामीणों की मदद से तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
यह सड़क परियोजना करोड़ों रुपये की लागत से बनाई जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की चौकियों तक तेज और सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करना है। लेकिन, डेढ़ मीटर से ज्यादा सड़क का धंसना और धनौरा बुजुर्ग के पास अप्रोच में गड्ढा होना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
इस मामले में, विभाग के सहायक अभियंता नीरज पाण्डेय ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में है और गड्ढे को तुरंत भरवाने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही अधिशासी अभियंता के साथ मिलकर पूरी सड़क का निरीक्षण किया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।







