PRAYAGRAJ NEWS: सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं किशोरियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग, प्रयागराज एवं रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3120 के संयुक्त तत्वावधान में एचपीवी जागरूकता एवं टीकाकरण अभियान को लेकर शनिवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, डॉ. अंकिता राज, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3120 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. पूनम गुलाटी, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. सतपाल गुलाटी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. तिवारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, रोटेरियन पंकज जैन, रोटेरियन शशांक जैन, डॉ. अमित, डॉ. प्रीति, विष्णु जी एवं डॉ. फिरोज खान सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अभिभावकों से 14–15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं का समय पर एचपीवी टीकाकरण कराने की अपील की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 06 अगस्त 2026 तक प्रयागराज में 18,706 पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3120 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. पूनम गुलाटी ने कहा कि जिस प्रकार रोटरी ने पोलियो उन्मूलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उसी प्रतिबद्धता के साथ एचपीवी टीकाकरण अभियान में भी स्वास्थ्य विभाग को निरंतर सहयोग प्रदान किया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन विश्व के 150 से अधिक देशों में 50 करोड़ से अधिक बालिकाओं को दी जा चुकी है। उत्तर प्रदेश में भी 7 लाख से अधिक पात्र बालिकाओं का टीकाकरण हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग एवं रोटरी ने मीडिया तथा समाज से वैज्ञानिक एवं सही जानकारी का व्यापक प्रसार करने, भ्रांतियों को दूर करने तथा एचपीवी टीकाकरण अभियान को जन-आंदोलन बनाने में सहयोग की अपील की।








