Home इटावा बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुँचे कांग्रेस नेता प्रशांत तिवारी

बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुँचे कांग्रेस नेता प्रशांत तिवारी

सरकार से राहत व मुआवजे की मांग

ETAWA NEWS: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य प्रशांत तिवारी ने शुक्रवार को इटावा जनपद की सदर तहसील क्षेत्र के धूमनपुरा और सुनवारा गांवों का दौरा कर बाढ़ पीड़ित परिवारों की दुर्दशा का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और आवश्यक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। कांग्रेस नेता ने मौके पर मौजूद तहसीलदार और लेखपाल से कहा कि सरकार को तत्काल बाढ़ प्रभावित घरों तक राहत सामग्री और भोजन के पैकेट पहुँचाने चाहिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीमों को घर-घर जाकर दवाइयाँ उपलब्ध कराने और बीमार पशुओं के उपचार की व्यवस्था करने की सख्त जरूरत है। उन्होंने किसानों के हुए भारी नुकसान पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार को किसानों को उचित मुआवजा देना चाहिए ताकि उनकी आजीविका सुरक्षित रह सके। साथ ही धूमनपुरा क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की भी मांग रखी। तिवारी ने कहा कि जनता की समस्याओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में उचित नहीं है, इसलिए जिला प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ राहत कार्यों में जुटना चाहिए।