जनप्रतिनिधियों के न पहुंचने से लोगों में नाराजगी
FATEPUR NEWS: जिले में बारिश और गंगा-यमुना के बढ़े जलस्तर से तबाही थम नहीं रही। एक हफ्ते में दूसरी बार आई बाढ़ ने फिर कटरी क्षेत्र के गांवों को डुबो दिया। खेत से लेकर घर तक पानी भर गया है। औंग थाना क्षेत्र के अभयपुर गांव के 18 मजरे—सदनहा, मदारपुर, बड़ा खेड़ा, नया खेड़ा सहित कई गांवों में सड़कें तालाब बन चुकी हैं। लोग जान जोखिम में डालकर कमर तक पानी में होकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंच रहे हैं। सदनहा गांव में सड़क पर कमर तक पानी भर गया है। इसी बीच महिलाएं अपने छोटे बच्चों को कंधे पर बैठाकर पानी पार करती नजर आई हैं। इस दौरान सदनहा गांव की श्यामकली ने बताया कि गंगा का पानी एक हफ्ते में दूसरी बार गांव में घुस गया है। घर के अंदर पानी भर चुका है। मजबूरी में बच्चों को सुरक्षित जगह ले जाने के लिए पानी में उतरना पड़ा। वहीं गांव के किसान मेवालाल ने बताया कि दूसरी बार आई बाढ़ से करीब 15 से 18 गांव प्रभावित हैं। लगभग 4 हजार बीघा खेत पानी में डूब चुके हैं। वहीं घनश्याम निषाद और विजयी ने बताया कि गंगा में जलस्तर बढ़ने से खेत-बाड़ी बर्बाद हो गई। घरों में भी पानी भरा है। प्रशासन और जनप्रतिनिधि हालचाल तक लेने नहीं आए। गंगा का जलस्तर इस समय खतरे के निशान से सिर्फ एक मीटर नीचे है। जलस्तर 100.88 मीटर तक पहुंच चुका है। अगर पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो लोगों को फिर से सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ेगा।







