इस उल्लेखनीय उपलब्धि से कॉलेज परिवार में उल्लास का वातावरण
ETAWA NEWS: क्षेत्र के प्रतिष्ठित चौधरी सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी स्वायत्त महाविद्यालय में गुरुवार को कैंपस सलेक्शन ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर सहज मिल्क प्रोड्यूसर्स कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने इंटरव्यू प्रक्रिया संपन्न कराई, जिसमें कुल 52 विद्यार्थियों का चयन विभिन्न पदों पर हुआ।कंपनी के मैनेजर एचआर राजीव रंजन व जोनल मैनेजर मिथलेश कुमार के संयोजन में चयन प्रक्रिया पूर्ण की गई।उन्होंने बीएससी एग्रीकल्चर और बीएससी केमिस्ट्री वर्ग के छात्रों का साक्षात्कार लिया।मिल्क फैसिलिटेटर्स पद हेतु निर्धारित 36 पदों पर सभी 36 छात्रों का चयन किया गया।केमिस्ट पद हेतु 20 पदों में से 16 छात्रों का चयन किया गया।इस उल्लेखनीय उपलब्धि से कॉलेज परिवार में उल्लास का वातावरण रहाl संस्था के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने चयनित छात्रों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्थान भविष्य में भी विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ रोजगारपरक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयत्नशील रहेगा।वहीं निदेशक डॉ. संदीप पाण्डेय ने कहा कि यह उपलब्धि कॉलेज की शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि ऐसे कैंपस चयन कार्यक्रम छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. जितेन्द्र यादव, मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य अशांक हनी यादव, नितिन आनंद, सुशील कुमार, धर्मेन्द्र कुमार आदि गणमान्यजन उपस्थित रहे।







