SIDHARTHNAGAR NEWS: शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बढ़नी विकास खंड के मधवानगर गाँव में गुरुवार को एक जन चौपाल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवा नेता महेश चौधरी के नेतृत्व में हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में शोहरतगढ़ के विधायक विनय वर्मा शामिल हुए। विधायक विनय वर्मा ने बड़ी संख्या में मौजूद जनता की समस्याओं को सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि वे हमेशा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध रहेंगे।
इस कार्यक्रम का सबसे अहम मुद्दा समयमाता स्थान बढ़नी से माधवनगर होते हुए बैरिहवा तक जाने वाली सड़क का था। यह सड़क पिछले दो दशकों से उपेक्षा का शिकार थी और इसकी बदहाली से लोग बेहद परेशान थे। विधायक विनय वर्मा ने इस समस्या का संज्ञान लिया और बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर इस सड़क के निर्माण के लिए मंजूरी दिलवाई है। विधायक विनय वर्मा ने गाँव की जनता को यह वादा किया कि इस सड़क को अगले 6 महीनों के भीतर गड्ढा-मुक्त कर दिया जाएगा, जिससे जलभराव जैसी समस्या से भी निजात मिलेगी। उन्होंने कहा, मैं सिर्फ वादे नहीं करता, काम करने में विश्वास रखता हूँ। विधायक के इस आश्वासन से जन चौपाल में मौजूद सैकड़ों लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने विधायक विनय वर्मा का आभार व्यक्त किया।







