सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग से नाराज, गुणवत्तापूर्ण काम और समय पर लक्ष्य पूरा करने का दिया निर्देश
SIDHARTHNAGAR NEWS: मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विकास कार्यों और निर्माण परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने सख्त नाराजगी जताई है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी विभागों को अपनी रैंकिंग सुधारने के लिए कड़े निर्देश दिए। डीएम ने साफ कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन और ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए। टाइलिंग और फर्नीचर जैसे काम भी तय मानक के अनुसार हों। डीएम ने बिजली विभाग को खुले में रखे ट्रांसफार्मरों को जाली से सुरक्षित करने और खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने का भी आदेश दिया। ‘पीएम सूर्य घर योजना’ में कम प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए लक्ष्य पूरा करने को कहा गया। उन्होंने कृषि रक्षा रसायन की सब्सिडी सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजने और पेंशन योजनाओं में आधार सीडिंग व भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक में सड़क और जल मिशन पर भी चर्चा हुई। लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया, जबकि जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डालने के बाद खोदी गई सड़कों की मरम्मत तुरंत करने को कहा गया। डीएम ने सभी अधिकारियों को मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर स्वयं फीडिंग करने और अपने-अपने विभागों को प्रदेश में प्रथम श्रेणी में लाने के लिए कड़ी मेहनत करने का निर्देश दिया। बैठक में पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम कुसुम योजना, पशु टीकाकरण, सामूहिक विवाह और छात्रवृत्ति जैसी कई अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, परियोजना निदेशक नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी समेत कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







