VARANASI/MIRZAPUR NEWS: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर के वी जनकल्याण ट्रस्ट ने वाराणसी, मिर्जापुर और शैलपुत्री मंदिर परिसर में संचालित अपनी शाखाओं पर भव्य कार्यक्रम आयोजित कर देशभक्ति और एकता का संदेश दिया।
बाबतपुर। सुबह बाबतपुर स्थित कुटुंब संस्था में ध्वजारोहण का कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें संस्था के बच्चों, स्थानीय निवासियों और ट्रस्ट के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ट्रस्ट की ओर से 50 राष्ट्रीय ध्वज बच्चों को वितरित किए गए। इस दौरान उन्हें तिरंगे की महत्ता और सम्मान से जुड़ी जानकारी दी गई, साथ ही ध्वजारोहण और ध्वज फहराने में अंतर को सरल और रोचक तरीके से समझाया गया। बच्चों ने बड़े गर्व से तिरंगा लहराया और देशभक्ति गीत गाए।
मिर्जापुर। दोपहर में मिर्जापुर में संचालित उज्जवल पाठशाला में भी स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन नंदिनी विश्वकर्मा ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम दादो पतवाई के ग्राम प्रधान और प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के पश्चात बच्चों को जलेबी वितरित की गई, जिससे माहौल और भी मिठास से भर गया। इसी क्रम में, के वी जनकल्याण ट्रस्ट द्वारा संचालित उज्जवल पाठशाला की शैलपुत्री शाखा में भी स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने पूरे क्लासरूम को तिरंगे के रंगों के गुब्बारों से सजाया। इसके साथ ही, उन्होंने अपनी-अपनी ओर से छोटी-छोटी संस्कृत मंचन प्रस्तुतियां दीं, जिनमें देशभक्ति और भारतीय संस्कृति की झलक साफ दिखाई दी। इस आयोजन की पूरी सफलता का श्रेय ट्रस्ट की सक्रिय सदस्य ज्योति चौधरी को जाता है, जो इस शाखा की देखरेख और बच्चों के मार्गदर्शन का कार्य करती हैं। तीनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में देशभक्ति के गीत, नारों की गूंज और तिरंगे की शान ने वातावरण को भावविभोर कर दिया। ट्रस्ट के सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि तिरंगे का सम्मान केवल एक दिन नहीं, बल्कि जीवनभर किया जाना चाहिए, क्योंकि यही हमारे गौरव, एकता और स्वतंत्रता का प्रतीक है।







