बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के एक राखी बुंदेलखंड के नाम अभियान का 30वां दिन
FATEHPUR NEWS: बुंदेलखंड राष्ट्र समिति द्वारा चलाया जा रहा “एक राखी बुंदेलखंड के नाम” महाअभियान शुक्रवार को हरदो क्षेत्र स्थित राजाराम इंटर कॉलेज पहुंचा। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम राखियाँ और पत्र भेजे, जिनमें उन्होंने पृथक बुंदेलखंड राज्य की माँग की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ‘बुंदेलखंडी’ ने कहा कि हर किसी को समान अधिकार मिलना चाहिए। हमें समान शिक्षा, दवाई, पढ़ाई और कमाई का हक चाहिए। यह तभी संभव है जब बुंदेलखंड एक पृथक राज्य बनेगा। ये राखियाँ प्रधानमंत्री को भावनात्मक संदेश देने के साथ-साथ राजनीतिक चेतना भी दे रही हैं। इस मौके पर छात्राओं ने भावपूर्ण ढंग से पत्रों में लिखा अबकी बार रक्षाबंधन पर हमें मिठाई या साड़ी नहीं चाहिए, हमें चाहिए अपना हक पृथक बुंदेलखंड राज्य। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य तरुण सिंह, शिक्षक लवलेश सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। इस अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार तक जनभावनाओं को पहुँचाना है। रक्षाबंधन तक चलने वाले इस अभियान के तहत बुंदेलखंड के अलग-अलग जिलों से राखियाँ और संदेश प्रधानमंत्री को भेजे जा रहे हैं। बुंदेलखंड राष्ट्र समिति का यह अभियान क्षेत्रीय पहचान, अधिकार और न्याय के लिए चल रहे संघर्ष का प्रतीक बनता जा रहा है।






