Home उत्तर प्रदेश एनसीसी इकाई द्वारा “डिफेंस अवर” कार्यक्रम किया आयोजित

एनसीसी इकाई द्वारा “डिफेंस अवर” कार्यक्रम किया आयोजित

JHANSI NEWS: बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झाँसी के एनसीसी इकाई द्वारा “डिफेंस अवर” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, देशभक्ति और सेना में करियर के अवसरों के प्रति जागरूकता लाना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि एनसीसी एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की सर्वश्रेष्ठ पाठशाला है, जहाँ अनुशासन, सेवा और नेतृत्व के गुणों का निर्माण होता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तत्पर रहें और स्वयं को एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करें। कुलसचिव राज बहादुर सिंह ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, ईमानदारी, देशसेवा और आत्मविश्वास की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय सदैव विद्यार्थियों को ऐसे अवसर प्रदान करता रहेगा, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कर्नल जे. नरहयानन  ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को बताया कि वे सैनिक स्कूल अमरावतीनगर, एनडीए और आईएमए के पूर्व छात्र हैं। उन्हें 2004 में विशिष्ट 21 पैरा (स्पेशल फोर्स) में कमीशन मिला था। वे अति चुनौतीपूर्ण सैन्य पाठ्यक्रमों में दक्ष हैं और 16 वर्षों से अधिक समय तक उत्तर पूर्व में आतंकवाद विरोधी अभियानों में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने 20 असम राइफल्स की कमान संभाली और कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक व प्रशिक्षण पदों पर कार्य किया। वीरता और उत्कृष्टता के लिए उन्हें सेना पदक (2006), सेना कमांडर प्रशस्ति पत्र (2008) और अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। वर्तमान में वे झाँसी स्थित व्हाइट टाइगर डिवीजन में प्रशासनिक कर्नल के पद पर कार्यरत हैं। कर्नल नरहयानन ने छात्रों को प्रेरणादायक व्याख्यान दिया, जिसमें उन्होंने सेना में अपने अनुभव साझा किए और देश सेवा के लिए बच्चों को प्रोत्साहित किया। उनके जोशीले वक्तव्य से बच्चे अत्यंत प्रेरित हुए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सेना का जीवन केवल युद्ध या हथियारों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सेवा, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास और मेहनत को अपना साथी बनाकर हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं।
एनसीसी अधिकारी  प्रो. सुनील कुमार काबिया  ने  कहां एनसीसी केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त मंच है। एनसीसी, छात्रों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और देश प्रेम की भावना को विकसित करता है। विश्वविद्यालय में एनसीसी के माध्यम से छात्र-छात्राओं में आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित किया जाता है।कर्नल प्रशांत कक्कड़ ने कहा एनसीसी विद्यार्थियों को ना सिर्फ सेना के लिए तैयार करती है, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में उन्हें अनुशासित, कर्मठ और जागरूक नागरिक बनाती है। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. हितिका यादव ने प्रभावशाली रूप से किया धन्यवाद प्रोफेसर अर्चना वर्मा जी ने सभी अतिथियों, सेना अधिकारियों, कुलपति , कुलसचिव , शिक्षकगण तथा विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत प्रेरणादायी और ऊर्जावान रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने सेना के जीवन और राष्ट्रसेवा के प्रति नई ऊर्जा और जागरूकता प्राप्त की। इस अवसर पर सूबेदार मेजर ओमवीर सिंह, हेमन्त चंद्रा,  अनिल बोहरे, डॉ. अतुल प्रकाश खरे, इंजीनियर साबिर अली, डॉ. आशीष वर्मा, हितिका यादव, शशांक चंद्रा, जितेन्द्र कुमार, एस यू ओ अंकित यादव,  अभय गोस्वामी नकुल झा सरवन झा, कैडेट अभय सिंह चंद्र प्रकाश, अभिनव तिवारी, शिवांशु जोशी रितु अग्रवाल सौम्या सिंह नीति कुमारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।