गौशाला की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने गुरुवार को विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जहां नगर पंचायत शोहरतगढ़ मार्ग सनई से पिपरा पाण्डेय होते हुए पतसिया गांव तक बनी सड़क की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया, वहीं नगर पंचायत बढ़नी बाजार में निर्माणाधीन कान्हा गौशाला की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। सड़क निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं सड़क को खुदवाकर उसकी गुणवत्ता की जांच की। जांच में सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की कमी नहीं पाई गई। कार्य से संतुष्ट होने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आगे भी इसी तरह गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। इसके बाद, जिलाधिकारी ने नगर पंचायत बढ़नी बाजार में निर्माणाधीन कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया। गौशाला के निर्माण कार्य की प्रगति धीमी होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बढ़नी बाजार अजय कुमार और जेई आशीष सिंह को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण कराने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







