माफी मांगने के बाद सभी कर्मचारी लौट गए काम पर
BHADOHI NEWS: जमुनीपुर कालोनी में रविवार को एक स्थानीय निवासी द्वारा सफाई कर्मचारियों के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया। आरोप है कि हाजी नवाब अंसारी ने सफाई नायकों से न सिर्फ बदसलूकी की बल्कि गाली-गलौज भी की।
घंटना तब हुई जब नगर पालिका परिषद के सफाई नायक रुस्तम अली और जिया सिद्दिकी अपने साथियों के साथ कालोनी में सफाई कार्य के लिए पहुंचे थे। जब जिया सिद्दिकी ने बदसलूकी का वीडियो बनाने की कोशिश की तो उनके मोबाइल पर झपट्टा मारा गया। रुस्तम अली के साथ भी ऐसा ही व्यवहार किया गया। इस घटना के बाद दोनों सफाई नायकों ने अपने अन्य साथियों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी और कचरा गाड़ी चालक मौके पर पहुंच गए। सभी कर्मचारियों में आक्रोश था। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस, वार्ड के सभासद प्रदीप यादव और सफाई सुपरवाइजर प्रदीप मौर्य भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी सफाई कर्मचारियों से बात की और उन्हें शांत कराया। साथ ही बदसलूकी करने वाले व्यक्ति को बुलाकर सफाई नायकों से माफी मांगने को कहा।आरोपी द्वारा माफी मांगने के बाद ही सफाई कर्मचारियों का गुस्सा शांत हुआ और वे अपने काम पर लौट गए। इस मौके पर वारिस खां, सनी अली, अमरेश यादव, साजिद खां, जग्गू, इरशाद अंसारी, अमन खां, अभिषेक कुमार, बेलाल खां, विमलेश यादव, अर्शे आलम, कैलाश और शाहिद सिद्दीकी सहित कई सफाई कर्मचारी और कचरा गाड़ी चालक मौके पर मौजूद रहें।







