सभी को अपने जीवन में एक पेड़ लगाने का किया आह्वान
PRAYAGRAJ NEWS: युवा भारत प्रयागराज युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वाधान में विकासखंड श्रृंगवेरपुर धाम के आईकेएम इंटर कॉलेज परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें कटहल, नीम, पीपल, बरगद, आंवला, आम के पेड़ लगाए गए। कार्यक्रम में पर्यावरण से संबंधित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। प्रथम स्थान दीपा यादव, द्वितीय स्थान काजल सरोज, तृतीय स्थान शालिनी पुस्पाकार ने प्राप्त किया। तीनों छात्राओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रधानाचार्य डॉ अनूप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वृक्ष हमारी जान है और इनके बिना जीवन अधूरा है। सभी लोगों को अपने जीवन काल में पेड़ जरूर लगाना चाहिए और अपने मां के नाम पेड़ लगाए। वहीं कॉलेज के छात्र रहे प्रतीक कुमार की आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखा गया और उनके चित्र पर पुष्प चढ़कर श्रद्धांजलि दी गई। अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन दारा सिंह सरोज ने किया। इस अवसर पर शिवांगी शरण सिंह, संजीव मिश्रा, राधेश प्रताप, अरुण शुक्ला, अभय सिंह, रमेश चन्द्र, विनय कुमार, अनुज शर्मा, अजय कुमार, पंकज मिश्रा शिव सागर, उमेश कुमार, कुंदन सिंह,राहुल कुमार आदि उपस्थित रहे।







