सरकारी निर्देशों की अनदेखी, रोजाना मर रहे हैं कई पशु
SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार जहां गोवंश संरक्षण के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं सिद्धार्थनगर जिले में जिम्मेदारों की लापरवाही से गोवंश की जान जा रही है। नगर पालिका बांसी की जनियाजोत में स्थित कान्हा गौशाला इन दिनों उपेक्षा का शिकार है, जहां आए दिन गोवंश मर रहे हैं।
गौशाला की स्थिति इतनी खराब है कि यहां का दृश्य बद से बदतर हो चुका है। सूत्रों के अनुसार, कागजों में 220 गोवंश दर्ज हैं, जबकि मौके पर सिर्फ 180 के करीब ही हैं। लापरवाही के चलते रोजाना 4 से 5 पशुओं के मरने की खबरें आ रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गो संरक्षण को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं, लेकिन बांसी के अधिकारी इन आदेशों को नजरअंदाज कर रहे हैं। यहां तक कि जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने भी गौशालाओं में समुचित व्यवस्था के लिए सख्त आदेश दिए थे, फिर भी हालात नहीं सुधरे। हाल ही में, गौशाला में गोवंश के मरने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसने जिम्मेदारों की पोल खोल दी है। इस वीडियो ने दिखा दिया है कि किस तरह हमारे हिंदू धर्म में पूज्य माने जाने वाले इन बेजुबान जानवरों की जान लापरवाही की वजह से जा रही है।







