पार्टी नेत्री अंजनी सरोज पर दर्ज फर्जी मुकदमे को वापस लेने की मांग की
BHADOHI NEWS: समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव के नेतृत्व में शुक्रवार को डीएम से मुलाकात की। पीडीए पाठशाला को लेकर सपा नेत्री अंजनी सरोज पर दर्ज किए गए मुकदमे को वापस लेने की मांग की गई। वहीं चेतावनी दी गई कि अगर मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की शिक्षा विरोधी नितियों के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा गांव-गांव जाकर पीडीए पाठशाला खोला गया। जिसके माध्यम से बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया जा रहा था। जिसके चलते सरकार शिक्षा विरोधी नीतियों (मर्जर) के निर्णय को वापस ले ली। उन्होंने कहा कि शिक्षा विरोधी नितियों का विरोध करना संवैधानिक अधिकार है। लोकतांत्रिक तरीके से सपा नेत्री अंजनी सरोज द्वारा पार्टी मुखिया अखिलेश यादव द्वारा जनवरी माह से चलाए जा रहे पीडीए जन पंचायत के माध्यम से गांव-गांव में पार्टी के साथ ही साथ शिक्षा के प्रति अभिभावकों एवं संरक्षकों को जागृत व प्रेरित किया जा जा रहा था। जिसके फलस्वरूप अंजनी सरोज के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया। श्री यादव ने कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकार का हनन है। ताकि सपा के लोग अपनी बातों को लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच न रख सकें। ऐसे में अंजनी सरोज के विरुद्ध दर्ज किए गए फर्जी मुकदमे को वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह के फर्जी मुकदमे को लिखवाकर पार्टी कार्यालय को हताश करने का कुकृत्य रचा जा रहा है। लेकिन अब पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। मुकदमा वापस नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष शैलेश सिंह मंटू, कल्लन यादव, लालबहादुर बिंद, काशीनाथ पाल, कमलेश यादव, धर्मेंद्र मिश्र पप्पू, गामा प्रसाद यादव व रामधनी कन्नौजिया आदि शामिल रहें।







